जमशेदपुर: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर व्यवहार न्यायालय कैम्पस में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जमशेदपुर द्वारा भव्य पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के तहत न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया, बल्कि स्वच्छता एवं जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता भी बढ़ाई गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला जज एवं अतिरिक्त कुटुम्ब न्यायालय के माननीय श्री गणकन पटदार ने विशेष रूप से धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व रखने वाला सिंदूर का पौधा लगाया। यह पौधा शुभता और शक्ति का प्रतीक होने के साथ-साथ पर्यावरण के लिए भी लाभकारी माना जाता है।
डालसा सचिव श्री धर्मेन्द्र कुमार ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकार मित्र (पीएलवी) के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और प्लास्टिक उन्मूलन पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।पौधारोपण के दौरान कटहल, पपीता, अमरूद, लेमन ग्रास, आमला सहित दर्जनों पौधे लगाए गए, जो क्षेत्र के पर्यावरण को समृद्ध बनाने में मददगार साबित होंगे।

जज श्री गणकन पटदार ने अपने संबोधन में कहा, “विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून को मनाया जाता है ताकि सभी को पर्यावरण संरक्षण का महत्व समझाया जा सके। हमें यह संकल्प लेना चाहिए कि हम पर्यावरण की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। पेड़ लगाना केवल वृक्षारोपण नहीं, बल्कि जीवन देने वाला कार्य है। पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ और प्रकृति से प्रेम करो – यही सच्ची सेवा है।”
कार्यक्रम में मुख्य न्यायायिक दंडाधिकारी विशाल गौरव, सीनियर डिविजन मैजिस्ट्रेट धीरज कुमार, लीगल एड काउंसिल के सदस्य अधिवक्ता राजेश कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। पीएलवी नागेन्द्र कुमार, दिलीप जायसवाल, संजीत दास, संजय तिवारी, प्रकाश मिश्रा, रमिया एस, सुनीता कुमारी, जोबारानी बासके, माधवी कुमारी, सीमा कुमारी, अनिल कुमार, बालेश्वर दास एवं डालसा के आदेशपाल दिनेश साधु ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।यह आयोजन न केवल न्यायालय परिसर को हरित एवं स्वच्छ बनाने का प्रयास है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण की ओर बढ़ता कदम भी है।











