साहिबगंज: तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के जोंका निवासी विष्णु राय की पुत्री चित्रलेखा कुमारी को गुरुवार दोपहर अज्ञात तेज रफ्तार बाईक सवार युवक ने जोरदार टक्कर मारकर मौके पर से फरार हो गया। जहां इस सड़क दुर्घटना में बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई और उसके बाएं कान से खून बहने लगा जिसके बाद परिजन उसे आनन फानन में बेहतर इलाज हेतु सदर अस्पताल लेकर आए जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. तबरेज आलम ने प्राथमिक उपचार करते हुए उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। उधर सदर अस्पताल से बालिका को हायर सेंटर रेफर किए जाने के बाद परिजन 108 एंबुलेंस की सुविधा पाने के लिए दर बदर भटकते नजर आए जहां बालिका को गोद में लिए हुए परिजन सदर अस्पताल के मुख्य गेट के बाहर धूप में बैठे नजर आए। हालांकि सदर अस्पताल में 108 एंबुलेंस की सुविधा नहीं मिलने के बाद परिजन प्राइवेट वाहन से ही गंभीर रूप से घायल बालिका को बेहतर इलाज हेतु हायर सेंटर लेकर चले गए। उधर मामले को लेकर सदर अस्पताल के जयराम यादव ने बताया कि गंभीर रूप से घायल बालिका के परिजनों को सरकारी एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही थी जिसमें सरकार के द्वारा तय किए गए राशि को जमा करने के बाद ही यह सुविधा उन्हें उपलब्ध हो पाती मगर परिजनों ने बिना बात किए ही प्राइवेट वाहन से लेकर चले गए हैं।









