Jamshedpur : शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं, खासकर चापड़बाजी के मामलों को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। शुक्रवार को (झामुमो) का एक प्रतिनिधिमंडल केंद्रीय सदस्य के नेतृत्व में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से मिला और कानून-व्यवस्था पर गंभीर चिंता जताई।
प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी को एक ज्ञापन सौंपते हुए शहर में बढ़ रही चापड़बाजी की घटनाओं पर तत्काल और सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रमोद लाल ने कहा कि इन घटनाओं से आम नागरिकों में भय का माहौल बन रहा है और अपराधियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं।
झामुमो नेताओं ने विशेष रूप से “चाइनिस चापड़” को खतरनाक हथियार की श्रेणी में शामिल करने की मांग उठाई। उन्होंने प्रशासन से इसकी बिक्री, सार्वजनिक उपयोग और शहर में आयात पर तत्काल रोक लगाने का आग्रह किया। नेताओं का कहना था कि यह हथियार आसानी से उपलब्ध है और इसी कारण गंभीर अपराधों में तेजी से वृद्धि हो रही है।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने स्थित बजरंगी चाय दुकान में कार्यरत महिला मेहंदी कुमारी और उनके परिजनों के साथ हुए कथित अमानवीय व्यवहार का मामला भी प्रमुखता से उठाया। झामुमो ने आरोप लगाया कि इस घटना में कई लोग शामिल हैं और सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी आवश्यक है।
नेताओं ने प्रशासन को आगाह किया कि प्रभावशाली व्यक्तियों द्वारा पीड़ित परिवार पर दबाव डालकर मामले को दबाने की कोशिश की जा सकती है। उन्होंने कहा कि ऐसी किसी भी कोशिश को रोकना प्रशासन की जिम्मेदारी है और पीड़ितों को न्याय दिलाना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
झामुमो ने जिला प्रशासन से दोनों मामलों में त्वरित और ठोस कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि इससे ही शहर में कानून-व्यवस्था को बनाए रखा जा सकता है और लोगों का विश्वास कायम रहेगा।
इस मौके पर शेख बदरुद्दीन, खुद्दू उरांव, फैयाज खान, प्रीतम हेंब्रम, गुरमीत सिंह गिल, अभय पांडे, डी. राकेश राव, प्रकाश चंद्र झा, विष्णु नाग, उमेश गिरी, सुखलाल टुडू, पिंटू लाल और चंदन लाल समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।










