Jamshedpur:भारत वर्ष के प्रथम स्वतंत्रता सेनानी वीर शहीद बाबा तिलका मांझी की 241वीं शहादत दिवस के अवसर पर आज दिनांक 13 जनवरी 2026 को झारखंड मुक्ति मोर्चा मानगो नगर समिति की ओर से एक श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व नगर अध्यक्ष श्री फतेह चन्द्र टुडू ने किया।
इस अवसर पर डिमना स्थित बाबा तिलका मांझी चौक पर स्थापित उनकी आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर झामुमो नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने श्रद्धासुमन अर्पित किए।
नगर अध्यक्ष श्री फतेह चन्द्र टुडू ने श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए कहा कि वीर शहीद बाबा तिलका मांझी ने ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ पहाड़िया, संथाल सहित तमाम समाज को एकजुट कर उलगुलान का शंखनाद किया था। उन्होंने “धरती हमारी है” का नारा देकर शोषण और अन्याय के विरुद्ध जनचेतना जगाई।
उन्होंने कहा कि 13 जनवरी 1785 को बाबा तिलका मांझी को अंग्रेजों ने फांसी दी, लेकिन उनकी शहादत के बाद भी आदिवासी समाज ने ब्रिटिश शासन के खिलाफ संघर्ष जारी रखा। आज भी बाबा तिलका मांझी आदिवासी समाज के लिए नायक, प्रेरणास्रोत और अन्याय के खिलाफ संघर्ष का प्रतीक हैं।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से रमेश मुर्मू, प्रभात सिंह, रंजीत देव, कृष्ण हांसदा, संजू कुटिया, सनातन हांसदा, प्रधान मुदुयया, अविनाश मिश्रा, दिनेश लोहार सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।









