JMM Protest : 27 मई को सरना धर्म कोड की मांग को लेकर जिला उपायुक्त कार्यालय के समक्ष होगा प्रदर्शन

SHARE:

Jamshedpur : केंद्र सरकार द्वारा सरना धर्म कोड को लागू किए बिना जातीय जनगणना कराए जाने के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) आगामी 27 मई 2025 को जिला उपायुक्त कार्यालय के समक्ष जोरदार धरना-प्रदर्शन करने जा रही है। इस प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए झामुमो की एक अहम बैठक प्रखंड अध्यक्ष पलटन मुर्मू की अध्यक्षता में कुंडू भवन, खासमहाल में संपन्न हुई।



बैठक में सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पारित किया गया कि सभी पंचायतों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ता सुबह 9 बजे कुंडू भवन के सामने मैदान में एकत्रित होंगे। इसके बाद चार पहिया एवं दो पहिया वाहनों के जरिए एकजुट होकर जिला मुख्यालय पहुंचेंगे और जमशेदपुर प्रखंड समिति के नेतृत्व में प्रदर्शन में शामिल होंगे।



बैठक को वरिष्ठ नेता सागेन पूर्ति, महावीर मुर्मू, मनोहर हुसैन, सरस्वती टुडू, द्रौपदी मुंडा, नीता सरकार, मायावती टुडू और माणिक मालिक सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए सरना धर्म कोड की मांग को आदिवासी अस्मिता और अस्तित्व से जोड़ा।



प्रखंड अध्यक्ष पलटन मुर्मू ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा

भाजपा आदिवासी समुदाय की पहचान, संस्कृति और धर्म को मिटाने का षड्यंत्र रच रही है। अगर वे वास्तव में आदिवासी हितैषी हैं तो उनके बड़े नेता चंपई सोरेन, अर्जुन मुंडा और बाबूलाल मरांडी सरना धर्म कोड पर अपना स्पष्ट बयान क्यों नहीं देते? यदि नीयत साफ है तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और महामहिम राष्ट्रपति से तुरंत सरना धर्म कोड लागू करवाएं।





उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरना धर्म कोड को लागू नहीं किया गया तो आने वाले चुनावों में भाजपा को केंद्र की सत्ता से बाहर का रास्ता दिखा दिया जाएगा। बैठक में प्रखंड सचिव जकात मार्डी, अशोक अग्रवाल, गोकुल मार्डी, बिष्णु मुर्मू, फतेह लोहार, बिस्तु लोहार, उत्तम टुडू, बुधराम हेंब्रम, बबीता करवा, राइमत मार्डी, सिकंदर, विनोद मार्डी समेत पंचायतों के कई नेता और कार्यकर्ता भारी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें