Jamshedpur:झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पूर्वी सिंहभूम जिला संयोजक मंडली का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को पूर्वी सिंहभूम जिले के वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडे से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां द्वारा झामुमो के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय सदस्य मोहन कर्मकार तथा केंद्रीय सदस्य प्रमोद लाल के विरुद्ध कथित रूप से दर्ज कराए गए झूठे मुकदमे की निष्पक्ष जांच की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि राजनीतिक दुर्भावना के तहत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को झूठे मामलों में फंसाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कर सच्चाई सामने लाने की अपील की, ताकि निर्दोष नेताओं को न्याय मिल सके।
इस मौके पर झामुमो के केंद्रीय सदस्य शेख बदरुद्दीन, केंद्रीय सदस्य प्रमोद लाल, पूर्वी सिंहभूम जिला संयोजक मंडली के प्रमुख बाघराय मार्डि, सुनील महतो, लालटू महतो, अजय रजक, विद्यासागर दास, फैयाज खान, उमानाथ झा, खुद्दु उरांव, प्रीतम हेंब्रम, सपन रॉय, रमेश मुर्मू, गुरमीत सिंह गिल, इंदरपाल सिंह, सुकुमार बेसरा, अभय पांडे सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे। महिला नेत्रियों में सबिता दास और दुर्गा बाईपाई भी प्रतिनिधिमंडल में शामिल रहीं।
झामुमो नेताओं ने भरोसा जताया कि पुलिस प्रशासन निष्पक्षता के साथ पूरे मामले की जांच करेगा और न्यायसंगत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।









