झारखंड में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, 13 जिलों में येलो अलर्ट जारी — जानिए कहां पड़ेगी सबसे ज्यादा बारिश

SHARE:

रांची। झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है और आज कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के 13 जिलों में येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। राज्य के उत्तर-पश्चिम और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में आज गरज के साथ भारी बारिश के आसार हैं, वहीं कुछ क्षेत्रों में तेज हवाएं और वज्रपात की भी संभावना जताई गई है।

इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार आज गढ़वा, चतरा, पलामू, लातेहार, देवघर, गिरिडीह, धनबाद, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में मूसलाधार बारिश हो सकती है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जो बताता है कि मौसम अचानक बिगड़ सकता है और जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

वहीं राजधानी रांची में आज हल्की-फुल्की बारिश के आसार हैं, लेकिन वहां के लिए फिलहाल कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। हालांकि, मौसम विभाग का अनुमान है कि 8 अगस्त को रांची में अच्छी बारिश हो सकती है।

बंगाल-बिहार से उठा सिस्टम बना बारिश का कारण

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल और बिहार क्षेत्र में बने साइकलोनिक सिस्टम का असर झारखंड पर भी दिख रहा है। यही कारण है कि अगले 24 घंटों के भीतर झारखंड के कई हिस्सों में भारी वर्षा दर्ज की जा सकती है।

पिछले 24 घंटे में कहां कितनी हुई बारिश?

झारखंड के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटे के भीतर मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई है। कुछ जिलों में आंकड़े इस प्रकार हैं:

गोड्डा (पत्थरगामा) : 170.2 मिमी

पाकुड़ : 81.4 मिमी

दुमका : 35.3 मिमी

लातेहार : 54 मिमी

मेदिनीनगर : 10 मिमी

बोकारो : 3 मिमी

रांची : 1 मिमी


क्या करें, क्या न करें?

वज्रपात की आशंका वाले क्षेत्रों में खुले में न निकलें

घर के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को सुरक्षित रखें

बारिश के समय वाहन चलाते वक्त सतर्क रहें

प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें







Leave a Comment