Jamshedpur:झारखंड सरकार द्वारा बहुप्रतीक्षित पेसा एक्ट (PESA Act) को कैबिनेट से मंजूरी दिए जाने के बाद राज्यभर में खुशी का माहौल है। इसी कड़ी में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) केंद्रीय समिति के निर्देशानुसार गुरुवार को साकची जेएनएसी गोलचक्कर के समीप आम जनता के बीच लड्डू वितरण कर खुशी मनाई गई। कार्यक्रम में ढोल-नगाड़ों की गूंज के साथ उत्सव जैसा दृश्य देखने को मिला।
इस अवसर पर झामुमो नेता महाबीर मुर्मू और दलगोबिंद लोहारा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाबीर मुर्मू ने कहा कि झारखंड के आदिवासी और मूलवासी समाज वर्षों से पेसा कानून लागू होने का इंतजार कर रहा था, जिसे माननीय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कैबिनेट से पास कराकर ऐतिहासिक कार्य किया है। उन्होंने कहा कि आज पूरे झारखंड में आदिवासी समाज मुख्यमंत्री को धन्यवाद दे रहा है।
महाबीर मुर्मू ने आगे बताया कि पेसा नियमावली लागू होने से राज्य के 15 अनुसूचित जिलों में ग्राम सभाएं पहले से कहीं अधिक सशक्त होंगी। इस कानून के तहत ग्राम सभाओं को जल, जंगल, जमीन, लघु वन उपज और खनिज संसाधनों के प्रबंधन में महत्वपूर्ण अधिकार प्राप्त होंगे। साथ ही विकास योजनाओं में ग्राम सभाओं की भूमिका निर्णायक होगी, जिससे पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और आदिवासी समुदायों को उनके वास्तविक अधिकार मिलेंगे।
कार्यक्रम में सुमन महतो, दलगोबिंद लोहारा, कमलजीत कौर गिल, सुनील महतो, धनंजय सिंह, चंद्रावती महतो, भोला पांडे, राजू मुखी, गोल्डी तिवारी, रूपेश आहूजा, बबलू पंडित, परमजीत पम्पे, गोपाल महतो, सविता सिंह, खुद्दू उरांव, प्रदीप जायसवाल, साबिता दास, करण कालिंदी, रजनी दास सहित कई कार्यकर्ता व समर्थक उपस्थित थे।









