कोलकाता/जमशेदपुर – झारखंड से हज यात्रा पर रवाना हो रहे हाजियों को कोलकाता के हज हाउस और एयरपोर्ट से सोमवार को भावभीनी विदाई दी गई। इस मौके पर झारखंड सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हफ़ीजुल हसन, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और झारखंड अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्ला खान विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कोलकाता हज हाउस परिसर और एयरपोर्ट पर विदाई कार्यक्रम के दौरान पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री जावेद अहमद खान, वेस्ट बंगाल हज कमेटी के अध्यक्ष और ख़ादिम-उल-हुज्जाज की टीम भी मौजूद रही। जमशेदपुर से पहुंचे दर्जनों हाजियों को शुभकामनाओं के साथ रवाना किया गया।

मौके पर एक आध्यात्मिक और भावनात्मक वातावरण देखने को मिला। मंत्रीगणों ने हाजियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की, उनके हालचाल पूछे और सफल हज यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।

झारखंड अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्ला खान ने कहा, “यह हमारे लिए गर्व का क्षण है कि झारखंड से बड़ी संख्या में हाजी भाई-बहन हज यात्रा पर जा रहे हैं। सरकार ने सभी आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की है ताकि हाजियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।”

ख़ादिम-उल-हुज्जाज की टीम ने हाजियों की सहायता करते हुए पासपोर्ट जांच, बोर्डिंग प्रक्रिया और दिशा-निर्देशों की जानकारी देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विदाई के बाद हाजियों को विमान के माध्यम से रवाना किया गया।









