जमशेदपुर, 23 जुलाई 2025
झारखंड में समावेशी स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए, राज्य के पहले ट्रांसजेंडर क्लिनिक का उद्घाटन जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र स्थित उमा सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में किया गया। यह पहल पीपल फॉर चेंज और उमा सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के संयुक्त प्रयास, तथा रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर ग्रीन के सहयोग से साकार हुई है।
ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए गरिमा और सम्मान का प्रतीक
इस अवसर पर उमा सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. ओम ने कहा,
> “हमें गर्व है कि हमने झारखंड में ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए एक समर्पित स्वास्थ्य सुविधा की शुरुआत की है। हमारा लक्ष्य है कि हर व्यक्ति को, चाहे उसकी लैंगिक पहचान जो भी हो, सम्मान और संवेदनशीलता के साथ इलाज की सुविधा मिले। हमारा मेडिकल स्टाफ विशेष रूप से प्रशिक्षित है ताकि कोई भी ट्रांसजेंडर व्यक्ति बिना किसी डर या भेदभाव के यहां इलाज करा सके।”
वहीं पीपल फॉर चेंज के संस्थापक सौविक साहा ने कहा,
“यह क्लिनिक ट्रांसजेंडर समुदाय को भेदभावरहित और सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की दिशा में बड़ा कदम है। हमें गर्व है कि यह पहल झारखंड की माटी पर जन्मी है।”
ट्रांसजेंडर समुदाय ने दी सकारात्मक प्रतिक्रिया
उद्घाटन कार्यक्रम में चाईबासा, चक्रधरपुर, जादूगोड़ा, चांडिल और जमशेदपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से आए 50 से अधिक ट्रांसजेंडर सदस्यों ने भाग लिया। इस मौके पर ट्रांसजेंडर समाज की प्रतिनिधि संजना किन्नर ने कहा,
आज हमें महसूस हो रहा है कि समाज हमारी उपेक्षा नहीं कर रहा बल्कि समझने का प्रयास कर रहा है। यह क्लिनिक हमारे आत्मसम्मान और गरिमा का प्रतीक है।”
सप्ताह में दो दिन मुफ्त सेवा
यह क्लिनिक हर मंगलवार और शुक्रवार को दोपहर 3:00 बजे से 5:00 बजे तक नि:शुल्क प्राथमिक स्वास्थ्य परामर्श सेवा प्रदान करेगा। इसके अलावा, यह पहल डॉक्टरों, अस्पतालों और समाज के बीच संवेदनशीलता, जागरूकता और समावेशिता को बढ़ावा देने के लिए भी निरंतर प्रयासरत रहेगी।
भारतीय कानून और संवैधानिक अधिकारों को धरातल पर लाने की कोशिश
गौरतलब है कि भारतीय संविधान और ट्रांसजेंडर (अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम 2019 के तहत ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को समान स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त करने का अधिकार है। यह क्लिनिक इस अधिकार को जमीनी स्तर पर साकार करने की दिशा में एक ठोस पहल मानी जा रही है।
