घाटशिला में झामुमो का तूफानी जनसंपर्क: सोमेश सोरेन बोले — “बाबा के सपनों का घाटशिला बनाना मेरा संकल्प”

SHARE:

Ghatshila: घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में चुनावी तापमान चरम पर है। मंगलवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) प्रत्याशी सोमेश चन्द्र सोरेन ने धालभूमगढ़ प्रखंड के जूनबोनी-मौदाशोली क्षेत्र में तूफानी जनसंपर्क अभियान चलाकर माहौल में नई ऊर्जा भर दी। इस दौरान उनके साथ छोटे भाई विक्टर सोरेन भी मौजूद रहे।

सोरेन ने हरिंदुखड़ी, रघुनाथडीह, तेंतुलडांगा, बानागाजाड़, सार्जोमडीह, भादूआ, मौदाशोली, मोहनपुर समेत कई गांवों में घर-घर जाकर जनता से संवाद किया। ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, स्वास्थ्य और रोजगार जैसी समस्याएं उनके सामने रखीं, जिनके समाधान का भरोसा प्रत्याशी ने दिया।

इस जनसंपर्क अभियान में जनता का उत्साह देखने लायक था। जगह-जगह ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं से झामुमो प्रत्याशी का स्वागत किया।

इधर, झामुमो के समर्थन में मोर्चा संभाले जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी और केंद्रीय प्रवक्ता सह बहरागोड़ा के पूर्व विधायक कुणाल षाडंगी ने मुसाबनी प्रखंड में ताबड़तोड़ जनसंपर्क किया। दोनों नेताओं ने जनता से झामुमो प्रत्याशी सोमेश सोरेन के पक्ष में मतदान की अपील की।

मंगल कालिंदी ने कहा —

“मुसाबनी में डिग्री कॉलेज, कृषि विश्वविद्यालय और टेक्निकल कॉलेज जैसी योजनाएं स्व. रामदास सोरेन की दूरदृष्टि का परिणाम हैं। असमय निधन से कई योजनाएं अधूरी रह गईं, पर अब उनका सपना पूरा होगा।”



वहीं कुणाल षाडंगी ने कहा —

“स्व. रामदास सोरेन का योगदान घाटशिला के लिए अविस्मरणीय है। पंडित रघुनाथ मुर्मू जनजातीय विश्वविद्यालय जैसे संस्थान उनके विजन का प्रमाण हैं। अब उनके सपनों को सोमेश सोरेन साकार करेंगे।”



अभियान के समापन पर सोमेश चन्द्र सोरेन ने जनता से भावुक अपील की —

“जनता का यह स्नेह और विश्वास मेरे लिए प्रेरणा है। हर गांव का विकास और हर समस्या का समाधान मेरा कर्तव्य है।
मेरे बाबा के सपनों का घाटशिला बनाना मेरा संकल्प है।”



इस जोशीले जनसंपर्क अभियान से झामुमो खेमे में नई ऊर्जा का संचार हुआ है और कार्यकर्ताओं का मनोबल चरम पर पहुंच गया है।

Leave a Comment