Jamshedpur : झारखंड के शिक्षा मंत्री एवं घाटशिला से झामुमो विधायक रामदास सोरेन एक गंभीर हादसे में घायल हो गए हैं। जानकारी के अनुसार, वे बाथरूम में फिसलकर गिर पड़े, जिससे सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें आनन-फानन में टाटा मोटर्स अस्पताल, जमशेदपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने दी जानकारी
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सोशल मीडिया पर इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मंत्री के मस्तिष्क में चोट और ब्लड क्लॉट की समस्या सामने आई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्हें एयर एंबुलेंस से दिल्ली रेफर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वे खुद लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम से संपर्क में हैं।
अस्पताल के बाहर समर्थकों की भीड़, राज्य भर में चिंता
हादसे की खबर फैलते ही रामदास सोरेन के समर्थकों की भीड़ अस्पताल के बाहर जुटने लगी। पूरे राज्य में चिंता और प्रार्थना का माहौल है। झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता के रूप में रामदास सोरेन को हेमंत सोरेन सरकार में एक मजबूत जनप्रतिनिधि और कोल्हान क्षेत्र का प्रमुख चेहरा माना जाता है।
राजनीतिक सफर और जिम्मेदारियाँ
पूर्व मंत्री चंपई सोरेन के भाजपा में शामिल होने के बाद रामदास सोरेन को झामुमो के नेतृत्व में कोल्हान में बड़ी भूमिका दी गई थी। 2024 विधानसभा चुनाव के बाद उन्हें फिर से शिक्षा मंत्री का दायित्व सौंपा गया था। उनके नेतृत्व में विभाग ने कई नई योजनाएं प्रारंभ की थीं।
जनता और नेतागण कर रहे हैं शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना
राज्य भर के राजनेताओं, सामाजिक संगठनों, शिक्षाविदों और आम नागरिकों ने शिक्षा मंत्री के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। सोशल मीडिया पर भी शुभकामनाओं का तांता लगा हुआ है।
