Adityapur:आदित्यपुर स्थित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के भव्य उद्घाटन को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। संस्थान के चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात कर उन्हें उद्घाटन समारोह में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया, जिसे मुख्यमंत्री ने सहर्ष स्वीकार करते हुए जनवरी माह के दूसरे सप्ताह में समारोह में उपस्थित होने का आश्वासन दिया।
मुलाकात के दौरान श्री मदन मोहन सिंह ने मुख्यमंत्री को अपने शैक्षणिक समूह की उपलब्धियों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि नेताजी सुभाष समूह झारखंड और बिहार दोनों राज्यों में शिक्षा के क्षेत्र में सशक्त भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने जानकारी दी कि बिहार के पटना और बिहटा में नेताजी सुभाष इंजीनियरिंग कॉलेज, नेताजी सुभाष पॉलिटेक्निक कॉलेज, नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल तथा नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल बिहटा संचालित हो रहे हैं। वहीं झारखंड में नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी, नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल (10 विद्यालय) और नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, आदित्यपुर (सरायकेला-खरसावां) शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में नई पहचान बना रहे हैं।
श्री सिंह ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि आदित्यपुर स्थित मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में चिकित्सा सेवाएं और मेडिकल छात्रों का पठन-पाठन अत्यंत सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हो रहा है। यह संस्थान झारखंड के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक मील का पत्थर साबित होने जा रहा है, जहां कम लागत में गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संस्थान की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मेडिकल कॉलेज राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करेंगे और स्थानीय युवाओं को चिकित्सा शिक्षा का बेहतर अवसर मिलेगा।









