Jamshedpur:जेमको स्थित कॉम्बी मिल कंपनी में स्थानीय मजदूरों और स्थानीय ठेकेदारों को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। इसी क्रम में सामाजिक सेवा संघ के प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड विधानसभा अध्यक्ष माननीय रविंद्र नाथ महतो का पत्र कंपनी के HR हेड को सौंपा।
पत्र सौंपने के बाद सामाजिक सेवा संघ के अध्यक्ष सह झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नेता राजेश सामंत ने कंपनी प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कॉम्बी मिल के विस्तारित कार्यों में राज्य सरकार की गाइडलाइन के अनुसार 75 प्रतिशत स्थानीय मजदूरों और स्थानीय ठेकेदारों को रोजगार देने का प्रावधान है, लेकिन कंपनी इसका पालन नहीं कर रही है। इसके कारण कंपनी के आसपास रहने वाले लोग आज भी रोजगार से वंचित हैं।
राजेश सामंत ने यह भी आरोप लगाया कि जिस स्थान पर कंपनी स्थापित की गई है, वहां पहले पूजा-पाठ, खेलकूद और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन होता था। कंपनी स्थापना के दौरान पेड़-पौधों की कटाई कर पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचाया गया है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध नहीं कराया गया, तो बस्तीवासियों के साथ मिलकर कॉम्बी मिल कंपनी गेट पर आंदोलन और विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान सामाजिक सेवा संघ के साथ-साथ कई सामाजिक व आंदोलनकारी नेताओं की भी भागीदारी रहेगी।
इस मौके पर झारखंड आंदोलनकारी नेता शिवलाल लोहरा, आंदोलनकारी छोटे सरदार, आंदोलनकारी जितेंद्र ठाकुर, सोनू श्रीवास्तव, सामाजिक सेवा संघ गोविंदपुर महिला अध्यक्ष रुपम सिंह, सुलोचना लोहरा, राकेश शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि अब वे अपने हक और अधिकार के लिए संगठित होकर संघर्ष करेंगे।









