जनता दल (यूनाइटेड) ने शहर की बिगड़ती विधि व्यवस्था को लेकर SSP को सौंपा ज्ञापन

SHARE:

Jamshedpur : जनता दल (यूनाइटेड) के जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर शहर की बिगड़ती विधि व्यवस्था पर चिंता व्यक्त की। ज्ञापन में हाल के दिनों में शहर में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं और पुलिस की निष्क्रियता को लेकर सवाल उठाए गए।



ज्ञापन में निम्नलिखित मुख्य बिंदुओं पर ध्यान दिलाया गया:

1. शराबी-गुंडों का आतंक: शहर की गलियों व मोहल्लों में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा, जिससे महिलाएं व आम नागरिक असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।


2. नशे के बढ़ते कारोबार पर चिंता: खासकर युवाओं में गांजा व नशीली दवाओं की बिक्री खुलेआम हो रही है, जिससे उनका भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है।


3. अपराधियों के हौसले बुलंद: कई क्षेत्रों में छिनतई, चोरी व लूट की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन पुलिस की सक्रियता नहीं दिख रही है।


4. CCTV की कमी: अधिकांश अपराध स्थलों पर CCTV नहीं लगे होने के कारण अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी में कठिनाई हो रही है।


5. ATM सुरक्षा पर सवाल: शहर के अधिकांश ATM बूथ असुरक्षित हैं, जिससे जनता भयभीत रहती है और कभी भी बड़ी घटना घट सकती है।


6. पुलिस गश्ती कमजोर: रात्रि में पुलिस पेट्रोलिंग नगण्य है, जिससे अपराधियों के हौसले और बढ़ते जा रहे हैं।




ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई है कि शहर में कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए और अपराधियों पर त्वरित कार्रवाई की जाए, ताकि जनता में सुरक्षा की भावना बहाल हो सके।



ज्ञापन की एक प्रति प्रशासनिक शाखा, पूर्वी सिंहभूम, झारखंड को भी जमा की गई है। अंत में, जदयू ने यह चेतावनी भी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी जन आंदोलन के लिए बाध्य होगी।

Leave a Comment