Seraikela : प्रखंड के छोटा सेगोई पंचायत स्थित तोड़ागडीह गांव में बुधवार को आयोजित जनता दरबार में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और अपनी समस्याएं संबंधित पदाधिकारियों के समक्ष रखीं। कार्यक्रम में विधायक दशरथ गागराई, उपायुक्त नितिश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत विशेष रूप से उपस्थित थे।
जनता दरबार में ग्रामीणों ने क्षेत्रीय समस्याओं को खुलकर रखा। कांडरकुटी के बालकृष्ण मुंडा ने गांव की सड़क की मरम्मत की मांग की, जबकि नेहलडीह के नेहाल गोप ने खरसावां-कुचाई क्षेत्र में डिग्री कॉलेज की आवश्यकता जताई। वहीं बड़ासेंगूर की माधुरी हेंब्रम ने खराब सड़कों के कारण मरीजों को अस्पताल ले जाने में हो रही कठिनाइयों को रेखांकित किया।

अधिकारियों ने सुनीं समस्याएं, दिए त्वरित निर्देश
जनता दरबार में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए थे, जहां कई शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया।
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा, “जनता दरबार का उद्देश्य पंचायत स्तर पर जाकर लोगों की समस्याओं को सुनना और समाधान सुनिश्चित करना है। जिन मामलों का निपटारा जिला या प्रखंड स्तर पर संभव है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा।”

विधायक ने कहा : योजनाओं का लाभ उठाएं ग्रामीण
विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि “क्षेत्र के समग्र विकास में जनभागीदारी महत्वपूर्ण है। सरकार की योजनाएं तभी सफल होंगी जब ग्रामीण सजग होकर उनका लाभ उठाएं।” उन्होंने सभी ग्रामीणों से योजनाओं हेतु समय पर आवेदन करने की अपील की।

वरीय पदाधिकारियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, डीआरडीए निदेशक डॉ. अजय तिर्की, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला, और अन्य विभागीय पदाधिकारी भी मौजूद थे। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि विकास से जुड़ी समस्याओं को हर हाल में प्राथमिकता दी जाएगी।









