Patna : बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की मतदान प्रक्रिया से कुछ घंटे पहले प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। मुंगेर विधानसभा सीट से जन सुराज के घोषित उम्मीदवार संजय सिंह ने पार्टी का दामन छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सदस्यता ग्रहण कर ली है।
संजय सिंह ने भाजपा में शामिल होते ही आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी के उम्मीदवार को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की। जन सुराज द्वारा उन्हें मुंगेर से प्रत्याशी घोषित किया गया था और वे पिछले कुछ महीनों से सक्रिय रूप से प्रचार अभियान चला रहे थे।
हालांकि, पहले चरण के मतदान से ठीक पहले उनका यह कदम प्रशांत किशोर की चुनावी रणनीति के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।
स्थिर सरकार और विकास को बताया प्राथमिकता
भाजपा में शामिल होने के बाद संजय सिंह ने कहा कि उन्होंने यह निर्णय राज्य के विकास और स्थिर सरकार के हित में लिया है। उन्होंने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने विकास के नए आयाम छुए हैं। इस प्रगति को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए अब मैं भाजपा के साथ हूं।”
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि संजय सिंह का यह कदम मुंगेर विधानसभा क्षेत्र के समीकरणों को प्रभावित कर सकता है और जन सुराज के लिए यह चुनावी मैदान में शुरुआती झटका साबित हो सकता है।









