Animal Adoption : टाटा जू ने शुरू की नई पहल, अब जानवरों को किया जा सकता है “एडॉप्ट”

SHARE:

Jamshedpur: टाटा जू, जमशेदपुर ने जानवर प्रेमियों के लिए एक अनोखी और सराहनीय पहल की शुरुआत की है। अब आम नागरिक भी जू के किसी भी जानवर को एक वर्ष या पाँच वर्षों के लिए गोद (एडॉप्ट) ले सकते हैं। इस योजना के तहत जानवर के भोजन, चिकित्सा और देखभाल का खर्च एडॉप्ट करने वाले व्यक्ति को उठाना होगा, जबकि देखरेख की जिम्मेदारी जू प्रबंधन की होगी।



जू प्रबंधन का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य उन पशु-प्रेमियों को अवसर देना है जो जानवरों से बेहद प्यार करते हैं लेकिन बड़े जानवरों को घर पर पालना संभव नहीं होता। अब ऐसे लोग भी किसी जानवर के जीवन में योगदान दे सकते हैं।



अब तक कई स्थानीय नागरिकों ने बंदर, हिरण और भालू जैसे जानवरों को एडॉप्ट किया है। इस पहल के अंतर्गत, एडॉप्ट करने वाले व्यक्ति और उनके परिवार को टाटा जू में निशुल्क प्रवेश की सुविधा भी दी जाएगी। वे जू के निर्धारित समय पर जाकर अपने गोद लिए गए जानवर से मिल सकते हैं।



टाटा जू के निदेशक सब्बा हुसैन ने बताया, “यह योजना न सिर्फ जानवरों के प्रति लोगों के प्रेम को प्रकट करने का एक माध्यम है, बल्कि इससे जू प्रबंधन को भी आर्थिक रूप से सहायता मिलती है। हम आशा करते हैं कि अधिक से अधिक लोग इस मुहिम से जुड़ेंगे।”



यदि आप भी किसी जानवर को एडॉप्ट करना चाहते हैं, तो टाटा जू की वेबसाइट या कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Comment