पांच दिवसीय कार्य सप्ताह की मांग को लेकर बैंककर्मियों का बिगुल, 27 जनवरी को देशव्यापी हड़ताल तय

SHARE:

Jamshedpur : आगामी 27 जनवरी 2026 को प्रस्तावित देशव्यापी बैंक हड़ताल के मद्देनजर आज 20 जनवरी 2026 को यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) जमशेदपुर द्वारा बैच बैरिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए UFBU जमशेदपुर से जुड़े सभी नौ घटक संगठनों के शीर्ष नेतृत्व, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में बैंक कर्मचारी शामिल हुए।

UFBU वर्ष 2023 से लगातार पांच दिवसीय बैंकिंग कार्य सप्ताह की मांग को लेकर संघर्षरत है। यह मामला वर्तमान में डिपार्टमेंट ऑफ फाइनेंशियल सर्विसेज (DFS) के पास विचाराधीन है। बैंककर्मियों का कहना है कि जब DFS, LIC, IDBI, SEBI, RBI, आईटी सेक्टर, कॉरपोरेट ऑफिस, स्टॉक एक्सचेंज और NABARD जैसी प्रमुख संस्थाओं में पहले से ही पांच दिवसीय कार्य प्रणाली लागू है, तो बैंक कर्मचारियों को इससे वंचित रखना अनुचित है।

आज के बदलते कार्य परिवेश में वर्क-लाइफ बैलेंस की आवश्यकता पर जोर देते हुए वक्ताओं ने कहा कि बैंककर्मी लगातार बढ़ते कार्य दबाव के बीच काम कर रहे हैं, ऐसे में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह समय की मांग बन चुका है। 17 दिसंबर 2023 को हुए एमओयू के बाद भी सरकार की ओर से कई बार आश्वासन दिए गए, लेकिन अब तक इस पर अंतिम सहमति नहीं दी गई है।

बैच बैरिंग कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों में एकजुटता और आक्रोश साफ नजर आया। नेताओं ने स्पष्ट कहा कि सरकार की अनदेखी के चलते बैंककर्मी अब मजबूर होकर 27 जनवरी 2026 को करीब आठ लाख बैंक कर्मचारी एवं अधिकारी देशव्यापी हड़ताल पर जाने को तैयार हैं।
UFBU ने चेतावनी दी कि यदि पांच दिवसीय कार्य सप्ताह सहित अन्य लंबित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। जमशेदपुर में आज का यह कार्यक्रम आगामी हड़ताल के लिए एक मजबूत संदेश और चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Comment

और पढ़ें