बकरीद को लेकर जमशेदपुर पुलिस हाई अलर्ट पर, मॉक ड्रिल के जरिए आपात तैयारी की जांच

SHARE:

Jamshedpur : बकरीद पर्व को लेकर पूरे देश में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की जा रही है। इसी क्रम में जमशेदपुर जिला प्रशासन भी सतर्क मोड में आ गया है। गुरुवार को शहर के पुलिस केंद्र में एक व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया, जिसमें आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारी का परीक्षण किया गया।



इस मॉक ड्रिल में जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री पीयूष पांडे, सिटी एसपी कुमार शिवाशीष, ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग, और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। इस अभ्यास के दौरान विभिन्न आपात स्थितियों से निपटने के लिए वाटर कैनन, आंसू गैस, रबर पिलेट, दंगा रोधी उपकरण और लाठीचार्ज जैसी रणनीतियों का प्रदर्शन किया गया।



वरिष्ठ अधिकारियों ने थानों में उपलब्ध दंगा रोधी यंत्रों की समीक्षा भी की और सभी संबंधित पदाधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए। पुलिस बल को संभावित आपात परिस्थिति से निपटने के लिए समन्वयित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।



गौरतलब है कि 7 जून को देशभर में बकरीद का पर्व मनाया जाएगा। इसे लेकर सभी राज्यों ने अपने-अपने जिलों में पुलिस को अलर्ट पर रखा है। इसी कड़ी में जमशेदपुर में यह मॉक ड्रिल आयोजित की गई। एसएसपी पीयूष पांडे ने बताया कि जिला पुलिस हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने शहरवासियों से आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने की अपील भी की।

Leave a Comment