Jamshedpur : एसएसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर जमशेदपुर पुलिस ने डिमना क्षेत्र में कारोबारियों से रंगदारी वसूलने की साजिश को नाकाम करते हुए तीन आरोपियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध युवक सफेद रंग की 120 कार से मानगो से डिमना की ओर जाकर रंगदारी वसूलने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलने के बाद नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक पटमदा के नेतृत्व में डी-चौधरी कॉम्पलेक्स के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
तलाशी के दौरान कार में बैठे युवकों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक लिया। तलाशी में मो. अमान के पास एक देशी कट्टा बरामद हुआ, जबकि कार से एक बेसबॉल बैट, फोल्डिंग चाकू, लोहे का रॉड और एक एप्पल iPhone भी मिला।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ओलीडीह थाना क्षेत्र के कारोबारियों से रंगदारी वसूलने की नियत से निकले थे और हथियार डराने-धमकाने के लिए वाहन में छिपाकर रखे थे। गिरफ्तार आरोपियों में मो. अयाज उर्फ फैजल, मो. अरशद उर्फ कबीर और मो. अमान शामिल हैं। सिटी एसपी ने बताया कि यह आरोपियों की पहली साजिश थी और समय रहते पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। पुलिस उपाधीक्षक पटमदा बचनदेव कुजूर के नेतृत्व में कार्रवाई में ओलीडीह ओपी प्रभारी मो. शारीक अली सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।









