उप विकास आयुक्त ने जन शिकायत निवारण दिवस में सुनी नागरिकों की फरियादें

SHARE:

Jamshedpur:उपायुक्त के निर्देशानुसार सोमवार को समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस के दौरान उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान ने आम नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने विस्थापन से जुड़ी परेशानियों, रेलवे लाइन निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण पर आपत्ति, जमीन विवाद, राशन व पेंशन संबंधी शिकायतों, घरेलू विवाद, अतिक्रमण सहित जनहित से जुड़े कई मांगपत्र प्रस्तुत किए।

सुनवाई के दौरान उप विकास आयुक्त ने प्रत्येक आवेदक की बात को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवेदन अग्रसारित करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि हर शिकायत पर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जन शिकायत निवारण दिवस का उद्देश्य केवल आवेदन लेना नहीं, बल्कि आम लोगों को त्वरित राहत दिलाना है। लापरवाही या अनावश्यक विलंब किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं होगा।

प्रशासनिक स्तर पर समन्वय की आवश्यकता पर बल देते हुए उप विकास आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए, ताकि नागरिकों का प्रशासन पर भरोसा और मजबूत हो।

Leave a Comment