Jamshedpur:दशमेश पिता धन-धन श्री गुरु गोबिंद सिंह महाराज जी के 359वें प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर जमशेदपुर में भव्य एवं ऐतिहासिक नगर कीर्तन का आयोजन श्रद्धा, उत्साह और अनुशासन के साथ किया गया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी, झारखंड के प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले प्रत्येक वर्ष की भांति नगर कीर्तन में सम्मिलित हुए और पालकी साहिब के समक्ष मत्था टेककर गुरु ग्रंथ साहिब जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
नगर कीर्तन के दौरान अमरप्रीत सिंह काले संगत के साथ कदमताल करते हुए गुरु साहिब के सेवा, त्याग और बलिदान के महान संदेश से जुड़े। हाथों में लहराते निशान साहिब, मुख से गूंजते शबद-कीर्तन और संगत के चेहरों पर झलकती अटूट श्रद्धा ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। नगर कीर्तन में सिख समुदाय के साथ-साथ विभिन्न समाजों के श्रद्धालुओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली।
नगर कीर्तन मार्ग पर जगह-जगह लंगर, शरबत वितरण एवं सेवा कार्यों का आयोजन किया गया। पूरे शहर में शांति, सौहार्द और भाईचारे का अद्भुत दृश्य देखने को मिला, जिसने जमशेदपुर की सामाजिक समरसता की परंपरा को एक बार फिर सशक्त रूप से प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर अमरप्रीत सिंह काले ने कहा कि “श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का संपूर्ण जीवन साहस, समानता, न्याय और मानवता की रक्षा को समर्पित रहा। उन्होंने जुल्म और अन्याय के विरुद्ध खड़े होने की जो प्रेरणा दी, वह आज भी समाज और राष्ट्र को दिशा देती है। सर्वांसदानी दशमेश पिता के अद्वितीय बलिदान को कृतज्ञ राष्ट्र सदैव स्मरण रखेगा।”
उन्होंने आगे कहा कि नगर कीर्तन में संगत के साथ चलकर गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त करना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
अमरप्रीत सिंह काले ने सफल आयोजन के लिए सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक समिति, सभी गुरुद्वारा प्रबंधक समितियों, स्कूलों के विद्यार्थी एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं, सेंट्रल स्त्री सत्संग सभा, सेंट्रल नौजवान सभा, आयोजन से जुड़े सभी सामाजिक संगठनों, जिला पुलिस-प्रशासन तथा शहरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने नगर कीर्तन के दौरान सहयोग देने वाले राहगीरों का भी धन्यवाद किया।
उन्होंने कहा कि “जमशेदपुर एक खूबसूरत, प्यारा और सामाजिक सौहार्द से परिपूर्ण शहर है। परमात्मा अपनी कृपा सदैव शहरवासियों पर बनाए रखें और इस नगर को अपनी शरण में रखें।”









