भाजपा कार्यकर्ताओं ने डिमना की मनोरम वादियों में बूथ स्तरीय मिलन समारोह सह वनभोज किया

SHARE:

Jamshedpur:नववर्ष के अवसर पर जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं ने डिमना की मनोरम वादियों में बूथ स्तरीय मिलन समारोह सह वनभोज का भव्य आयोजन कर संगठनात्मक एकजुटता और शक्ति का प्रभावी संदेश दिया। इस आयोजन में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता एवं हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए।
डिमना लेक के प्राकृतिक सौंदर्य के बीच आयोजित इस समारोह में संगठनात्मक अनुशासन और व्यवस्थाओं की झलक साफ देखने को मिली। पार्टी की ओर से पास व्यवस्था, मंडलवार स्टॉल और कार्यकर्ताओं की सुव्यवस्थित सहभागिता ने आयोजन को अनुकरणीय बना दिया। सातों मंडलों के भवन प्रभारी, बूथ अध्यक्ष और बूथ समिति के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
करीब पांच हजार कार्यकर्ताओं ने शुद्ध शाकाहारी व स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और विधायक पूर्णिमा साहू लगातार कार्यकर्ताओं के बीच सक्रिय नजर आए। दोनों नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संवाद किया, कुशलक्षेम पूछा और व्यवस्थाओं की स्वयं निगरानी की।
समारोह में उत्साह का माहौल रहा। डिमना लेक के तटों पर कार्यकर्ताओं ने यादगार पलों को कैमरे में कैद किया। गीत-संगीत, मनोरंजन और खेल-कूद की रंगारंग गतिविधियों ने आयोजन को और जीवंत बना दिया। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कार्यकर्ताओं के साथ क्रिकेट, बैडमिंटन और लट्टू खेलकर अपनापन दर्शाया, वहीं विधायक पूर्णिमा साहू गीत-संगीत की धुन पर कार्यकर्ताओं संग थिरकती नजर आईं। महिलाओं और बच्चों के लिए विशेष खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनके विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए गए।
सफल और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने वरिष्ठ नेता पवन अग्रवाल, सुशांत पांडा और टुनटुन सिंह को सम्मानित कर कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया।
अपने संबोधन में रघुवर दास ने कहा कि “भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक परिवार है। यहां हर कार्यकर्ता परिवार के सदस्य की तरह जुड़ा है। ऐसे आयोजन संगठन को नई ऊर्जा देते हैं और कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद का अवसर प्रदान करते हैं।” उन्होंने नववर्ष पर शहरवासियों और भाजपा कार्यकर्ताओं के सुख, समृद्धि और उन्नति की कामना की।
विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि “कार्यकर्ता ही भाजपा की असली ताकत हैं। उनका समर्पण और अनुशासन संगठन को मजबूत बनाता है। इस तरह के आयोजन हमें जनता की सेवा और क्षेत्र के विकास के लिए और अधिक दृढ़ संकल्पित करते हैं।”
इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, रामबाबू तिवारी, दिनेश कुमार, गुंजन यादव, योगेश मल्होत्रा, कल्याणी शरण, बबुआ सिंह, संजीव सिंह, अमरजीत सिंह राजा, भूपेंद्र सिंह, सुशांत पांडा, पवन अग्रवाल, कमलेश सिंह, टुनटुन सिंह सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता, महिलाएं, युवा और हजारों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment