Jamshedpur:बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत क्षेत्र में लंबे समय से खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को आखिरकार ठीक कर दिया गया है, जिससे इलाके के लोगों को अंधेरे से बड़ी राहत मिली है। पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता और उप मुखिया संतोष ठाकुर के संयुक्त प्रयास से यह कार्य संभव हो सका।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कई महीनों से स्ट्रीट लाइट खराब होने के कारण क्षेत्र में अंधेरा पसरा रहता था। अंधेरे का फायदा उठाकर चोरी और दुर्घटनाओं की घटनाएं भी सामने आ रही थीं, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ था। इस समस्या को लेकर पंचायत समिति सदस्य और उप मुखिया द्वारा लगातार संबंधित विभाग को मांग पत्र सौंपा गया, जिसके बाद अब जाकर लाइटों की मरम्मत कराई गई।
स्ट्रीट लाइटें चालू होते ही पूरे इलाके में रोशनी लौट आई और लोगों के चेहरों पर संतोष नजर आया। स्थानीय निवासियों ने इसे बड़ी राहत बताते हुए जनप्रतिनिधियों के प्रयासों की सराहना की।
इस मौके पर सुनील गुप्ता और संतोष ठाकुर ने कहा कि जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देना उनकी जिम्मेदारी है और आगे भी क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए वे लगातार प्रयास करते रहेंगे।
इस कार्य में वार्ड सदस्य सीमा पांडे, प्रतिनिधि अरविंद पांडे, समाजसेवी भोला झा, दिग्विजय सिंह, पवन सिंह और संजय कुमार सहित कई स्थानीय लोगों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। स्थानीय निवासियों ने सभी के प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त किया।









