जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक में उपायुक्त सख्त, खराब चापाकल व जलापूर्ति योजनाएं जल्द चालू करने के निर्देश

SHARE:

Jamshedpur : समाहरणालय सभागार में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन एवं स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में खराब पड़े चापाकल और जलमीनारों को शीघ्र चालू कराने के निर्देश दिए गए।

चाकुलिया प्रखंड के हालिया निरीक्षण के दौरान बंद पड़ी जलापूर्ति योजनाओं को संज्ञान में लेते हुए उपायुक्त ने उन्हें प्राथमिकता के आधार पर चालू करने का निर्देश दिया। वहीं पटमदा प्रखंड के बांगुरदा बहुग्रामीण जलापूर्ति योजना में आई क्षति को दूर करने के लिए एनएचएआई से समन्वय स्थापित कर शीघ्र कार्य बहाल करने को कहा गया।

बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी में पाइपलाइन बिछाने से संबंधित लंबित कार्य को 20 सितंबर तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।

स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की समीक्षा के दौरान लाभुकों को प्रोत्साहित कर शौचालय निर्माण में तेजी लाने और अबुआ आवास के लाभुकों को शौचालय सुविधा सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन से जुड़े लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कर गांवों को ओडीएफ प्लस घोषित करने पर जोर दिया गया।

इसके अलावा सीपीग्राम और झारजल पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध निष्पादन के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।

बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल जमशेदपुर के कार्यपालक अभियंता सुनील कुमार, आदित्यपुर प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता सुमित कुमार, सहायक एवं कनीय अभियंता, जिला व प्रखंड समन्वयक सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment