Jamshedpur : मां शब्द केवल संबोधन नहीं, वह त्याग, प्रेम और शक्ति का पर्याय है। इस भावना की जीवंत मिसाल हैं जमशेदपुर की मशहूर ग़ज़ल गायिका एवं संगीत शिक्षिका काकुली सरकार, जिन्होंने एक मां के रूप में अपने बेटे राहुल सरकार के सपनों को पूरा करने के लिए खुद को समर्पित कर दिया।

काकुली सरकार ने न केवल राहुल को शैक्षणिक रूप से सक्षम बनाया, बल्कि उसे संगीत के क्षेत्र में भी पहचान दिलाने के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। राहुल सरकार आज देश के प्रतिष्ठित संगीत मंचों जैसे लिटिल चैंप्स सहित कई संस्थानों में अपने सुरों का जादू बिखेर चुके हैं।

अपने बेटे के सपनों को उड़ान देने के लिए काकुली सरकार ने अपनी स्थायी नौकरी तक छोड़ दी। वह चाहती थीं कि हर कदम पर राहुल को उनका मार्गदर्शन और साथ मिले। एक मां के आशीर्वाद और सिखाए संस्कारों का ही नतीजा है कि आज राहुल न सिर्फ संगीत की दुनिया में आगे बढ़ रहा है, बल्कि एक MBA की डिग्री के साथ मुंबई में एक सफल स्टार्टअप का संचालन भी कर रहा है, जहां कई लोग कार्यरत हैं।

राहुल आज एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में समाज को योगदान दे रहा है और अपनी मां के आदर्शों को जी रहा है। यह कहानी न केवल एक मां के अटूट प्रेम और ममता की है, बल्कि यह उस भारतीय महिला की शक्ति का प्रतीक भी है, जो अपने परिवार की नींव होती है और हर परिस्थिति में बच्चों की सफलता को अपनी सबसे बड़ी उपलब्धि मानती है।
