जमशेदपुर : आगामी छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर शहर में साफ-सफाई और व्यवस्था का काम तेजी से शुरू हो गया है। इसी क्रम में पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने अपने निजी खर्चे पर गदड़ा स्थित ढापू तालाब की सफाई कार्य की शुरुआत करवाई है।
जानकारी के अनुसार, करीब 20 मजदूरों की टीम को सफाई कार्य में लगाया गया है, जो छठ पर्व तक लगातार तालाब परिसर की स्वच्छता सुनिश्चित करने में जुटे रहेंगे। राजकुमार सिंह ने बताया कि छठव्रतधारियों को स्नान और अर्घ्य के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए तालाब की पूरी गंदगी हटाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु तालाब परिसर में प्रकाश की समुचित व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि व्रतियों और आगंतुकों को रात्रि में भी कोई असुविधा न हो। राजकुमार सिंह ने यह भी बताया कि गुरुवार से गदड़ा के कारगिल तालाब की सफाई का कार्य भी प्रारंभ किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को छठ पर्व मनाने में सहूलियत मिल सके।
गौरतलब है कि लंबे समय से इन दोनों तालाबों में गंदगी और कचरा जमा था, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही थी। छठ पर्व के मद्देनज़र इन्हें स्वच्छ और आकर्षक बनाने की दिशा में यह पहल की गई है।
इस अवसर पर पूर्व पंचायत समिति सदस्य विश्वजीत भगत, समाजसेवी महेंद्र यादव, नरेंद्र कुमार, राकेश सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।









