PropertyDispute : वरिष्ठ छायाकार के पुश्तैनी मकान पर अवैध कब्जा, प्रेस क्लब प्रतिनिधिमंडल ने SDO से की शिकायत

SHARE:

Jamshedpur: शहर के प्रतिष्ठित वरिष्ठ छायाकार अखिन्द कुमार शर्मा इन दिनों मानसिक प्रताड़ना और अन्याय का सामना कर रहे हैं। कदमा शास्त्रीनगर ब्लॉक नं-4, मकान नं-5A स्थित उनके पुश्तैनी मकान के एक हिस्से पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है।



श्री शर्मा ने आरोप लगाया कि वर्ष 2019 में उन्होंने मकान का एक हिस्सा अनिश पाण्डेय को किराए पर दिया था। कोविड काल और न्यायालयों के अस्थायी बंद होने के कारण किरायानामा नहीं बन सका। श्री शर्मा के अनुसार, इसके बाद अनिश पाण्डेय ने न तो कोई विधिवत एग्रीमेंट किया और न ही नियमित रूप से किराया अदा किया। आठ वर्षों में मात्र 25,500 रुपये का भुगतान किया गया, जिसके बाद से उन्होंने कोई राशि नहीं दी।



श्री शर्मा ने बताया कि जब उन्होंने मकान खाली करने की बात की, तो अनिश पाण्डेय ने न सिर्फ किराया देने से इंकार कर दिया बल्कि उन्हें धमकाने भी लगा। उन्होंने आरोप लगाया कि अनिश पाण्डेय को कुछ राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है तथा उसकी स्थानीय पुलिसकर्मियों से भी घनिष्ठता है, जिससे उन्हें न्याय पाने में बाधा आ रही है।



मंगलवार को इस गंभीर मामले को लेकर प्रेस क्लब जमशेदपुर के एक प्रतिनिधिमंडल ने अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) से मुलाकात की और मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की। एसडीओ ने प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि मामले में न्याय संगत कार्रवाई की जाएगी।



श्री शर्मा ने कहा कि अब स्थिति यह हो गई है कि आरोपी मकान खाली करने के बदले उनसे ही धन की मांग कर रहा है। इस प्रकरण से पत्रकार समुदाय में रोष व्याप्त है और सभी ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।

Leave a Comment