पश्चिम बंगाल सीमा पर अवैध चुलाई शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 1100 किलो जावा महुआ नष्ट, 50 लीटर शराब जब्त

SHARE:

Seraikela:पश्चिम बंगाल में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव 2026 को देखते हुए सीमावर्ती इलाकों में अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सरायकेला-खरसावां जिले में मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की गई। पश्चिम बंगाल उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर गठित संयुक्त टीम ने नीमडीह थाना क्षेत्र के जंगलों में सघन छापेमारी अभियान चलाया।

जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के पुरूलिया जिला से सटे लाकड़ी, चतरमा और डोडोडीह के जंगलों में चल रहे अवैध चुलाई शराब निर्माण के अड्डों को चिन्हित कर टीम ने एक साथ दबिश दी। इस दौरान कुल तीन अवैध भट्टियों का उद्भेदन किया गया।

छापेमारी के दौरान मौके से करीब 1100 किलोग्राम जावा महुआ को नष्ट कर दिया गया, जबकि 50 लीटर तैयार अवैध चुलाई शराब जब्त की गई। टीम ने मौके पर ही शराब निर्माण में प्रयुक्त उपकरणों को भी ध्वस्त कर दिया, जिससे दोबारा उत्पादन संभव न हो सके।

अधिकारियों के अनुसार, अड्डा संचालकों की पहचान कर ली गई है और उनके विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

उत्पाद अधीक्षक क्षितिज मिंज ने स्पष्ट किया कि चुनाव को देखते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।

स्थानीय प्रशासन का मानना है कि इस तरह की संयुक्त कार्रवाई से चुनाव के दौरान अवैध शराब की आपूर्ति पर प्रभावी रोक लगाई जा सकेगी और सीमावर्ती क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी।

Leave a Comment