Seraikela:ईचागढ़ थाना क्षेत्र में 14 मार्च को करकरी नदी से बरामद युवक के शव मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। मृतक की पहचान सूरज यादव उर्फ गोलू यादव के रूप में हुई थी। इस सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपियों में सुमित कुमार, अभिषेक तंतुबाई उर्फ खेटु और पिंटू दिग्गी उर्फ जोगी शामिल हैं। तीनों आरोपी आदित्यपुर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से सूरज यादव की हत्या की और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को करकरी नदी में फेंक दिया। घटना के बाद से ही पुलिस लगातार मामले की जांच में जुटी थी, जिसके बाद यह सफलता मिली।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मृतक का टेम्पो, मोबाइल फोन और हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है। जब्त सामान में बजाज मैक्सिमा कंपनी का टेम्पो (संख्या JH05EB 4830), एक चाकू और मृतक का रेडमी मोबाइल फोन शामिल है।
पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है और इस हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।









