इचागढ़ के अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता व लिखित परीक्षा संपन्न, 340 अभ्यर्थी दौड़ में सफल

SHARE:

Seraikela:सरायकेला–खरसावाँ जिले में गृह रक्षक (होमगार्ड) नव नामांकन प्रक्रिया के तहत इचागढ़ प्रखंड के अभ्यर्थियों के लिए आयोजित शारीरिक दक्षता सह लिखित परीक्षा मंगलवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। दो दिनों तक चले इस आयोजन में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष अभ्यर्थियों ने भाग लेकर अपनी योग्यता का प्रदर्शन किया।

जिला मुख्यालय स्थित बिरसा मुंडा स्टेडियम में 23 मार्च को महिला अभ्यर्थियों तथा 24 मार्च को पुरुष अभ्यर्थियों की परीक्षा आयोजित की गई। इचागढ़ प्रखंड से कुल 1535 अभ्यर्थियों (492 महिला और 1043 पुरुष) ने आवेदन किया था।

महिला अभ्यर्थियों की परीक्षा में 492 में से 316 उपस्थित रहीं, जबकि पुरुष अभ्यर्थियों में 1043 में से 645 ने भाग लिया। शारीरिक दक्षता परीक्षा के तहत आयोजित दौड़ में 253 महिला एवं 87 पुरुष अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए, जो अगले चरण के लिए पात्र बने।

दौड़ में सफल अभ्यर्थियों ने इसके बाद ऊँची कूद, लंबी कूद, शॉट पुट एवं हिंदी लेखन क्षमता परीक्षा में भाग लिया। इन सभी चरणों में प्रदर्शन के आधार पर अभ्यर्थियों का औपबंधिक अंक पत्र तैयार किया गया है।

प्रशासन की ओर से बताया गया है कि यह औपबंधिक अंक पत्र केवल अभ्यर्थियों की जानकारी के लिए जारी किया जा रहा है, जिसे जिला की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड किया जा रहा है। इसे अंतिम मेरिट सूची नहीं माना जाएगा।

अंतिम मेधा सूची परीक्षा प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद सभी प्रखंडों और श्रेणियों के लिए एक साथ जारी की जाएगी। इस दौरान परीक्षा स्थल पर प्रशासन द्वारा सुरक्षा और पारदर्शिता के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सकी।

Leave a Comment