Jamshedpur : गृह रक्षा वाहिनी लोक सेवक संघ, जिला शाखा, पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर की ओर से शुक्रवार को लोकप्रिय सांसद विद्युत वरण महतो से उनके बिष्टुपुर स्थित आवासीय कार्यालय में मुलाकात कर एक स्मारपत्र सौंपा गया। इस दौरान होमगार्ड एक्ट में संशोधन की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग करते हुए एक प्रार्थना पत्र उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम के माध्यम से भेजा गया।

स्मारपत्र में उल्लेख किया गया है कि होमगार्ड जवान एक कमजोर वर्ग है, जिन्हें वर्षों से सरकारी उपेक्षा का शिकार होना पड़ रहा है। जवानों ने मांग की है कि “स्वयंसेवी” शब्द को हटाया जाए और उन्हें राज्य या केंद्रीय कर्मचारी का दर्जा प्रदान किया जाए। गौरतलब है कि वर्ष 2023 में भी इस मांग को लेकर सांसद विद्युत वरण महतो और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास द्वारा गृह मंत्री अमित शाह को अनुशंसा की गई थी।

स्मारपत्र में लिखा गया है कि आजादी के कई दशक बीत जाने के बावजूद होमगार्ड जवान “स्वयंसेवक” के नाम पर शोषण और दोहन के शिकार हैं। जवानों ने कहा कि वे विधि-व्यवस्था संधारण, प्राकृतिक आपदा, चुनाव ड्यूटी सहित हर विषम परिस्थिति में सरकार के निर्देशों के तहत निष्ठा से कार्य करते हैं, परंतु उन्हें कोई सम्मानजनक दर्जा नहीं दिया गया है। जवानों ने विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार और बिचौलियों के माध्यम से शोषण की भी शिकायत की। उन्होंने कहा कि वे पुलिस बल के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करते हैं, लेकिन न्यायोचित मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है।

स्मारपत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की गई है कि होमगार्ड एक्ट में संशोधन कर जवानों को गुलामी की इस व्यवस्था से मुक्त किया जाए और उनके जीवन स्तर में सुधार लाया जाए। इस दौरान मुख्य रूप से परितोष महतो (जिला अध्यक्ष), तपन चंद्र महतो (उपाध्यक्ष), भगान हासदा (जिला सचिव), दुला महली (संगठन सचिव), लखन किसकु (प्रवक्ता), दिनेश कुमार यादव (प्रदेश संगठन सचिव), कमल कुमार शर्मा (प्रदेश प्रवक्ता) सहित कई अन्य गृह रक्षक जवान उपस्थित थे।










