तीसरी सोमवारी के जलाभिषेक यात्रा को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी पूरी, संध्याकाल में बनारस की तर्ज पर होगी महाआरती

SHARE:

जमशेदपुर। सूर्य मंदिर समिति सिदगोड़ा द्वारा तीसरी सोमवारी को होने वाली सामूहिक जलाभिषेक यात्रा को लेकर तैयारी पूरी कर ली गई है। इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए समिति ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं। आगामी 28 जुलाई को होने वाली जलाभिषेक यात्रा में लगभग 21 हजार महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना जताई गई है।

भक्तों में गजब का उत्साह

शुक्रवार को भालूबासा स्थित एक होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में सूर्य मंदिर समिति के संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह, महासचिव अखिलेश चौधरी, सह कोषाध्यक्ष अमरजीत सिंह राजा, मीडिया प्रभारी प्रेम झा और प्रमोद मिश्रा मौजूद रहे। चंद्रगुप्त सिंह ने बताया कि हर साल तीसरी सोमवारी को सूर्य मंदिर समिति द्वारा जलाभिषेक यात्रा का आयोजन किया जाता है। इस बार इसे भव्य और ऐतिहासिक रूप देने की योजना है।

सुबह 7 बजे से होगी शुरुआत

श्रद्धालु सुबह 7 बजे बारीडीह हरि मंदिर मैदान में एकत्रित होंगे, जहां सुल्तानगंज की उत्तरवाहिनी गंगा के गंगाजल से संकल्प और पूजन होगा। इसके बाद कतारबद्ध होकर श्रद्धालु सूर्य मंदिर शिवालय की ओर प्रस्थान करेंगे। यात्रा में भक्तिमय संगीत, आकर्षक झांकियां, भजन मंडली की प्रस्तुति और पुष्पवर्षा आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

विशेष अतिथि और सुरक्षा व्यवस्था

यात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री एवं समिति के मुख्य संरक्षक रघुवर दास, विधायक पूर्णिमा साहू सहित कई प्रबुद्धजन शामिल होंगे। समिति ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए 200 से अधिक सूर्यधाम सेवकों को तैनात किया है। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए 2 एम्बुलेंस और मेडिकल टीम की व्यवस्था की गई है।

बनारस की तर्ज पर महाआरती और आतिशबाजी

समिति के महासचिव अखिलेश चौधरी ने बताया कि संध्याकाल में सूर्य मंदिर परिसर में बनारस के गंगा घाट की तर्ज पर महाआरती का आयोजन किया जाएगा। 28 जुलाई को शाम 6:30 बजे बनारस से आने वाली 15 सदस्यीय प्रशिक्षित मंडली पारंपरिक वाद्ययंत्रों, शंखध्वनि, दीपमालाओं और मंत्रोच्चार के साथ यह महाआरती संपन्न कराएगी। इस दौरान शानदार आतिशबाजी भी होगी।

भव्य सज्जा और प्रसाद वितरण की व्यवस्था

मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा और पुष्पसज्जा से सजाया जा रहा है। यात्रा मार्ग में तोरण द्वार और केसरिया ध्वज लगाए गए हैं। जलार्पण के बाद सोन मंडप परिसर में महाप्रसाद वितरण के लिए 20 काउंटर और पानी के 15 काउंटर लगाए जाएंगे। समिति ने सभी श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि अधिक से अधिक संख्या में जलाभिषेक यात्रा में शामिल होकर बाबा भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त करें।

Leave a Comment