Transformer Installation : सिद्धू कान्हो बस्ती में लटक रहे हाई वोल्टेज तार को किया गया दुरुस्त, बस्तीवासियों ने ली राहत की सांस

SHARE:

Jamshedpur : सोनारी स्थित सिद्धू कान्हो बस्ती, जोन नंबर 2 में बीते दो वर्षों से लटक रहे 11000 वोल्ट के हाई पावर तार को अंततः मंगलवार को दुरुस्त कर दिया गया। यह कार्य जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक श्री सरयू राय के निर्देश पर बिजली विभाग द्वारा किया गया।



लटकते तार के कारण बस्तीवासी लंबे समय से असुरक्षा की भावना में जी रहे थे। दुर्घटना की आशंका के चलते बच्चे और बुज़ुर्ग विशेष रूप से प्रभावित थे। लोगों की इस चिंता को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।



मंगलवार को बिजली विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर न केवल लटक रहे तार को टाइट किया, बल्कि वहां नया ट्रांसफार्मर भी स्थापित किया गया। इस मौके पर विधायक के जनसुविधा प्रतिनिधि मुकुल मिश्रा, अतुल सिंह, गणेश शर्मा और मनोज केराई ने कार्य का निरीक्षण किया और संतोष व्यक्त किया।



इलाके के लोगों ने इस कार्य के लिए विधायक श्री राय का आभार जताया और कहा कि अब वे चैन की सांस ले पा रहे हैं।  निवासियों ने उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी जनसमस्याओं का समाधान इसी तत्परता से होता रहेगा।

Leave a Comment