Jamshedpur : Hidayatullah Khan, अध्यक्ष Jharkhand State Minority Commission, ने Jugsalai नगर परिषद क्षेत्र से निर्वाचित सभी वार्ड सदस्यों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा व्यक्त की कि वे अपने-अपने वार्ड के विकास और जनता की भलाई के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करेंगे।
अपने बयान में हिदायतुल्लाह खान ने कहा कि जुगसलाई नगर परिषद के वार्ड सदस्यों को जनता ने विश्वास और उम्मीदों के साथ चुना है, इसलिए उनकी जिम्मेदारी है कि वे अपने क्षेत्रों की समस्याओं को गंभीरता से समझें और उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास करें।
उपाध्यक्ष चुनाव में हॉर्स ट्रेडिंग की खबरों पर चिंता
हिदायतुल्लाह खान ने कहा कि विभिन्न सूत्रों और मीडिया में यह खबरें सामने आ रही हैं कि जुगसलाई नगर परिषद के उपाध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर कुछ वार्ड सदस्यों को पैसों का प्रलोभन दिया जा रहा है और कथित तौर पर “हॉर्स ट्रेडिंग” की कोशिशें की जा रही हैं। उन्होंने इस प्रकार की गतिविधियों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि लोकतंत्र की गरिमा बनाए रखना सभी जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है।
उन्होंने सभी वार्ड सदस्यों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के प्रलोभन या दबाव में आए बिना स्वतंत्र और निष्पक्ष रूप से अपने मताधिकार का उपयोग करें।
योग्य और विकासोन्मुख नेतृत्व चुनने की अपील
उन्होंने यह भी आग्रह किया कि उपाध्यक्ष पद के लिए ऐसे व्यक्ति का चुनाव किया जाए जो जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र के समग्र विकास, पारदर्शिता और जनता के हितों को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करने की क्षमता और संकल्प रखता हो।
अंत में हिदायतुल्लाह खान ने कहा कि जुगसलाई की तरक्की, शांति और भाईचारे को मजबूत करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि सभी जनप्रतिनिधि ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करेंगे तो जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र निश्चित रूप से विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।








