Seraikela:झारखंड की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले राजकीय चैत्र पर्व सह छऊ महोत्सव-2026 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने झारखंड मंत्रालय में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की।
इस दौरान उपायुक्त ने मुख्यमंत्री को 11 से 13 अप्रैल तक बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय छऊ महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक आमंत्रण दिया।
उपायुक्त ने मुख्यमंत्री को महोत्सव की तैयारियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य राज्य की समृद्ध लोक संस्कृति, विशेष रूप से पारंपरिक छऊ नृत्य को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है।
मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। माना जा रहा है कि उनके शामिल होने से महोत्सव की गरिमा और भी बढ़ेगी।
छऊ महोत्सव हर वर्ष बड़ी संख्या में कलाकारों और दर्शकों को आकर्षित करता है और यह झारखंड की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है।











