जमशेदपुर, 11 अगस्त — स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर केंद्र सरकार के “हर घर तिरंगा” अभियान को सफल बनाने के लिए जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में तैयारियां जोरों पर हैं। इसी क्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता रघुवर दास ने सोमवार को एग्रिको स्थित अपने आवासीय कार्यालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर भाजपा कार्यकर्ताओं को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा भेंट किया। इस दौरान उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के सातों मंडल अध्यक्षों को सम्मानपूर्वक तिरंगा सौंपा और अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दिलाया।
रघुवर दास ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा हमारे स्वाभिमान, एकता और स्वतंत्रता संग्राम की अदम्य भावना का प्रतीक है। उन्होंने सभी झारखंडवासियों और खासकर जमशेदपुर के नागरिकों से अपील की कि 13 से 15 अगस्त तक अपने घर, दुकान, फ्लैट और संस्थानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराएं।
उन्होंने कहा, “जब पूरा जमशेदपुर, झारखंड और देश तिरंगामय होगा, तो देशभक्ति का अद्भुत माहौल बनेगा। इससे न केवल हमारे देश की एकता मजबूत होगी, बल्कि खादी ग्रामोद्योग और बुनकर भाइयों को भी आर्थिक सशक्तिकरण मिलेगा, जो आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देगा।“कार्यक्रम में भाजपा जमशेदपुर महानगर के पूर्व जिलाध्यक्ष गुंजन यादव, जीवन लाल, पप्पू उपाध्याय, बबलू गोप, विकास शर्मा, सूरज सिंह, युवराज सिंह, रंजीत सिंह समेत कई वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित थे।