Guwa:सेल गुवा अयस्क खान स्थित बंकर साइड पर एक बार फिर रेल सुरक्षा व्यवस्था की पोल खुल गई। सोमवार सुबह करीब 10:45 बजे मालगाड़ी की एक बोगी बेपटरी हो गई, जिससे रेल परिचालन पूरी तरह ठप हो गया। इस घटना के कारण लगभग चार घंटे तक ट्रैक जाम रहा और माल ढुलाई बाधित रही।
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे और सेल प्रबंधन में हड़कंप मच गया। अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और ट्रैक बहाली का कार्य शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद कई घंटों में जाकर ट्रैक को दुरुस्त किया जा सका, तब कहीं जाकर परिचालन बहाल हुआ।
गौर करने वाली बात यह है कि गुवा सेल के इसी बंकर साइड पर यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी यहां चार बार मालगाड़ी बेपटरी हो चुकी है। लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए प्रबंधन ने ब्रिटिश काल की पुरानी रेल पटरियों को हटाकर नई पटरियां बिछवाई थीं, ताकि दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। लेकिन नई पटरियां लगने के बावजूद भी बेपटरी की घटनाएं थम नहीं रही हैं, जिससे रेल लाइन की गुणवत्ता और रखरखाव व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
इस दुर्घटना का असर उच्चस्तरीय निरीक्षण कार्यक्रम पर भी पड़ा। सोमवार को दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार मिश्रा का गुवा रेलवे साइडिंग निरीक्षण प्रस्तावित था, लेकिन ट्रैक बाधित होने के कारण वे गुवा नहीं पहुंच सके। इसके बाद उन्होंने डांगवापोसी, नोवामुंडी और बड़ाजामदा रेलवे साइडिंग का निरीक्षण किया।
गुवा साइडिंग में बार-बार हो रही बेपटरी की घटनाएं न केवल रेल परिचालन को प्रभावित कर रही हैं, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर चिंताएं पैदा कर रही हैं। स्थानीय स्तर पर अब यह मांग तेज हो रही है कि इस साइडिंग की तकनीकी जांच कर स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।









