Gua: गुवा सेल खदान क्षेत्र में गुरुवार दोपहर लगभग 12 बजे एक बड़ा हादसा हो गया, जब 50 टन लीटर पानी टैंकर पलटने से सेल कर्मी और डंपर ऑपरेटर राजकुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पानी छिड़काव के लिए जा रहा टैंकर जैसे ही टर्निंग पॉइंट पर पहुंचा, अचानक असंतुलित होकर पलट गया। मौके पर मौजूद कर्मियों ने तुरंत राजकुमार सिंह को बाहर निकाला और उन्हें गुवा सेल अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद जमशेदपुर के ब्रह्मानंद अस्पताल रेफर किया गया।
हादसे के बाद झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पाण्डेय और महामंत्री अन्तर्यामी महाकुड ने गहरी नाराज़गी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह हादसा सेल प्रबंधन की लापरवाही और खदान क्षेत्र में जर्जर वाहनों के उपयोग का नतीजा है।
उन्होंने स्पष्ट कहा— “पहले सुरक्षा, उसके बाद उत्पादन” की नीति अपनाई जानी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी कर्मी की जान पर जोखिम न रहे।
इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष गोविन्द पाठक ने कहा—
“राजकुमार सिंह बेहद अनुभवी और सतर्क चालक हैं। यह दुर्घटना कहीं न कहीं सेल क्षेत्र की तकनीकी और प्रबंधन संबंधी खामियों की देन है। प्रबंधन को तुरंत सुरक्षा मानकों की समीक्षा करनी चाहिए।”
स्थानीय लोगों और मजदूर संगठनों ने इस घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।









