गुवा अयस्क खान में मजदूरों के शोषण का आरोप, एएलसी से जांच व कार्रवाई की मांग

SHARE:

Guwa : गुवा अयस्क खान में कार्यरत मजदूरों के शोषण का मामला सामने आया है। झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने सहायक श्रम आयुक्त (एएलसी) को पत्र लिखकर इस संबंध में गंभीर आरोप लगाए हैं और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

अपने पत्र में रामा पांडे ने बताया कि पिछले कई वर्षों से गुवा अयस्क खान के वित्त एवं लेखा विभाग सहित अन्य महत्वपूर्ण कंप्यूटरीकृत कार्यों का जिम्मा मेसर्स जे.बी.टी संस्था को सौंपा गया है। इस संस्था के अधीन कई कर्मचारी कार्यरत हैं, जो पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपना कार्य कर रहे हैं।

इसके बावजूद आरोप है कि इन कर्मियों को उनके कार्य के अनुरूप उचित वेतन नहीं दिया जा रहा है। यूनियन का कहना है कि मेसर्स जे.बी.टी संस्था द्वारा मजदूरों को भारत सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी के अनुसार भुगतान नहीं किया जा रहा है, जो श्रम कानूनों का सीधा उल्लंघन है।

यूनियन ने एएलसी पदाधिकारी से इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी संस्था के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि मजदूरों को उनका अधिकार मिल सके।

वहीं, एएलसी पदाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए 21 अप्रैल को इस विषय पर विचार-विमर्श के लिए बैठक बुलाई है। इस बैठक में संबंधित पक्षों को उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है, जिससे मजदूरों की समस्याओं का समाधान निकाला जा सके।

Leave a Comment