Jamshedpur : पुराना कोर्ट स्थित श्री श्री चंद्र मौलेश्वर कचहरी बाबा मंदिर में बाबा भोलेनाथ का स्थापना उत्सव प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य एवं श्रद्धापूर्ण वातावरण में मनाया गया। मंगलवार, 31 दिसंबर को आयोजित इस वर्षगांठ समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और हजारों भक्तों ने महाप्रसाद ग्रहण किया।
मंदिर समिति के अध्यक्ष सुशील कुमार पांडेय ने बताया कि प्रातः 9:30 बजे मंदिर प्रांगण से सैकड़ों की संख्या में माताएं एवं बहनें सिर पर कलश लेकर भव्य शोभायात्रा में शामिल हुईं। यह शोभायात्रा स्वर्णरेखा नदी तट तक गई, जहां से जल भरकर पुनः मंदिर लौटने के बाद बाबा भोलेनाथ का विधिवत जलाभिषेक किया गया। शोभायात्रा में बैंड-बाजे के साथ घुड़सवार जुलूस आकर्षण का केंद्र रहा।
इसके पश्चात पूजा-अर्चना एवं बाबा के अभिषेक का क्रम प्रारंभ हुआ। साथ ही कीर्तन मंडली द्वारा 24 घंटे का अखंड रामायण पाठ शुरू किया गया। दोपहर 12 बजे से महाप्रसाद वितरण का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। अखंड कीर्तन के शुभारंभ के साथ ही मंदिर परिसर हरिनाम संकीर्तन से गूंज उठा और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता नीरज सिंह, प्रख्यात समाजसेवी अविनाश सिंह ‘राजा’, मानगो भाजपा मंडल अध्यक्ष विनोद राय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने भगवान शिव एवं बजरंगबली की पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की तथा अखंड कीर्तन में भाग लेकर श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाया।
नीरज सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि कचहरी बाबा वर्ष 1990 में जमीन खुदाई के दौरान स्वयं प्रकट हुए थे। तभी से प्रत्येक वर्ष श्रद्धा और भक्ति के साथ बाबा की वर्षगांठ मनाई जाती है। उन्होंने कहा कि सच्चे मन से बाबा के दर्शन करने वाले भक्तों की मनोकामना अवश्य पूर्ण होती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि नए वर्ष की शुरुआत मंदिरों में पूजा-पाठ और भक्ति भाव के साथ करें, जिससे जीवन में सकारात्मकता, शांति और सद्भाव बना रहे। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में भाईचारे को मजबूत करते हैं और आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करते हैं।
मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि अखंड कीर्तन 24 घंटे तक निरंतर चलेगा, जिसमें शहर के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु भाग ले रहे हैं। 1 जनवरी, नववर्ष के दिन कीर्तन की पूर्णाहुति होगी, जिसके बाद दोपहर में महा भंडारे का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने में मंदिर समिति के अध्यक्ष सुशील कुमार पांडेय, उपाध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार पाठक, महासचिव दिलीप कुमार जायसवाल, पंडित जय कृष्ण झा, पंडित राधा शंकर उपाध्याय, सचिव अमित कुमार, कोषाध्यक्ष नवनीत कुमार सहित मनोज कुमार राजवंशी, अभिमन्यु कुमार, लखी प्रसाद, आनंद राव, लव कुमार निराला, कृष्णा लोहार, अरविंद कुमार, रायमुल बानरा, शांति मुंडा, जया भारती, आशा गोप, पूनम कुमारी, मीना शर्मा, लक्ष्मी मुंडा, शोभा एवं अन्य सदस्यों की अहम भूमिका रही।









