गोविंदपुर में डेंगू और बरसाती बीमारियों का बढ़ता प्रकोप, डॉ परितोष ने निजी खर्च से चलाया स्वच्छता अभियान

SHARE:

Jamshedpur: गोविंदपुर क्षेत्र में डेंगू एवं अन्य मौसमी बीमारियों के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जिला परिषद सदस्य डॉ परितोष कुमार एवं पंचायत समिति सदस्य सतवीर सिंह बग्गा के संयुक्त प्रयास से क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान की शुरुआत की गई है। इस अभियान में निजी खर्च पर जेसीबी और ट्रैक्टर के माध्यम से कचरा उठाव कार्य प्रारंभ किया गया।

डॉ परितोष ने बताया कि यह अभियान तीन दिनों तक चलेगा, जिसमें सामुदायिक विकास मैदान, बंगाल स्वीट्स के सामने, हाट बाजार, मार्केट रोड, तीनतल्ला, जनता फ्लैट, एलआईजी और विवेक विद्यालय के आस-पास के इलाकों से गंदगी हटाई जाएगी।

उन्होंने खास तौर पर सिंगल एवं डबल रूम हाउसिंग कॉलोनी के निवासियों से अपील करते हुए कहा कि यहां डोर-टू-डोर कचरा उठाव की सुविधा है, लेकिन अधिकांश लोग अभी भी कचरा खुले में फेंक रहे हैं और मात्र ₹80 मासिक शुल्क देने से कतरा रहे हैं। लगभग 1000 घरों में से सिर्फ 400 ही भुगतान कर रहे हैं, जिससे सेवा के संचालन में कठिनाई आ रही है और निकट भविष्य में यह सुविधा बंद हो सकती है।

सतवीर सिंह बग्गा ने भी जनता से स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की और कहा कि यह प्रयास जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखकर किया जा रहा है।

इस अवसर पर दिनेश सिंह, विजय कुमार, सत्यजीत बनर्जी, निकेश सिंह, बिस्वजीत महतो और जितेंद्र सिंह सहित अन्य स्थानीय लोगों का सराहनीय सहयोग रहा।

डॉ परितोष कुमार ने कहा डेंगू जैसी बीमारियों को रोकने के लिए जरूरी है कि हम सभी स्वच्छता को गंभीरता से लें और मिलकर काम करें। हमारा छोटा सा प्रयास भी किसी की जान बचा सकता है।”

Leave a Comment