Jamshedpur:महुलबेड़ा चौक पर शनिवार को सामने आया पशु क्रूरता का हैरान करने वाला मामला अब पुलिस कार्रवाई के मुकाम पर पहुँच चुका है। पेट के सहारे रस्सी से बांधकर एक कुत्ते को घसीटने और बेरहमी से पीटने की घटना का वीडियो वायरल होने के बाद गोलमुरी थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
दो लोगों पर मामला दर्ज, पकड़ने के लिए छापेमारी
गोलमुरी थाना क्षेत्र के बजरंगनगर पहाड़ी निवासी विवेक यादव उर्फ गोलू और अमित यादव को इस मामले में नामजद आरोपी बनाया गया है। पुलिस दोनों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
शिकायतकर्ता ने बताया—कुत्ता चिल्लाता रहा, फिर भी बेरहमी जारी
शिकायतकर्ता बिपिन सिंह ने आरोप लगाया कि कुत्ते को पेट के समेत रस्सी से बांधकर दूर तक घसीटा गया। कुत्ता दर्द से चीखता रहा, लेकिन आरोपी लगातार उसे पीटते रहे। घटना के बाद कुत्ता गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जिसका उपचार बाद में कराया गया।
आरोपियों का पक्ष—’कुत्ते ने काटा था’
दूसरी ओर, दोनों आरोपियों ने दावा किया कि कुत्ते ने पहले उन्हें काट लिया था, जिसके बाद उन्होंने उसे काबू में करने के लिए रस्सी से बांधकर पीटा। हालांकि, वायरल वीडियो ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है।
वीडियो वायरल होने के बाद हुई कार्रवाई
शनिवार को यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। इसी आधार पर बिपिन सिंह ने थाने में मामला दर्ज कराया, जिसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जांच शुरू कर दी।









