Chakradharpur : जल, जंगल और जमीन आंदोलन के प्रणेता, जननायक शहीद देवेंद्र माझी के 31वें शहादत दिवस पर मंगलवार को चक्रधरपुर और गोइलकेरा में श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वजनों, पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने अपने प्रिय नेता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
चक्रधरपुर के पंप रोड स्थित सांसद जोबा माझी के आवास परिसर में बने समाधि स्थल पर सुबह से ही श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा रहा। सांसद जोबा माझी, विधायक जगत माझी, उदय माझी, पुत्रवधू सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता और समर्थकों ने पुष्पांजलि अर्पित कर शहीद को नमन किया।

श्रद्धांजलि अर्पण के बाद जोबा माझी और जगत माझी अपने समर्थकों के साथ गोइलकेरा के हाट परिसर पहुंचे, जहां आयोजित विशाल जनसभा में हजारों की संख्या में कार्यकर्ता और आमजन शामिल हुए।
सभा में नेताओं और वक्ताओं ने देवेंद्र माझी के संघर्षों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने आदिवासी और मूलवासी समुदाय के अधिकारों की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। सांसद जोबा माझी और विधायक जगत माझी ने कहा कि शहीद देवेंद्र माझी का जीवन “जल, जंगल और जमीन” की रक्षा के प्रति समर्पण का प्रतीक रहा। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि उनके सपनों के अनुरूप सशक्त और आत्मनिर्भर झारखंड के निर्माण में योगदान दें।

सभा के दौरान उपस्थित भीड़ ने “शहीद देवेंद्र माझी अमर रहें” और “जल, जंगल, जमीन हमारा अधिकार है” जैसे नारों से पूरा इलाका गुंजा दिया। समर्थकों ने उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से प्रदीप अग्रवाल, लखीराम हेम्ब्रम, टीपी सोरेन, दीपक माझी, कालीपद सोरेन, जगदीश नारायण चौबे, रामजीत हांसदा, संतोष मिश्रा, अजय नायक, दिनेश जेना, पीरु हेम्ब्रम, जॉनी हाजरा, कालिया जामुदा, चंदन होनहागा, रामसिंह हेम्ब्रम, अभिषेक सिंकू, बुधराम उरांव, पच्चू बेसरा, लालू उरांव, काजल प्रधान, दीना प्रधान, अकबर खान, अशोक वर्मा, रंजित यादव, सिल्ब्युरिस तिर्की, संजीव गंताईत, पिंटू जैन, पंकज महतो, मनुएल बेक, अजहर अली, मोहम्मद उमर, बंधना उरांव, मुकेश रजक, अशोक बंदा, अमर महतो, सुरेश बेसरा, चंचल रवानी, बिनोद सिंह, विक्रम सिंह, निखिल साह सहित हजारों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।









