गोइलकेरा में हाथियों का कहर, दंतेले हाथी को ट्रैक करने बंगाल से विशेष टीम तैनात

SHARE:

Goilkera:पश्चिमी सिंहभूम जिले के कोल्हान वन प्रमंडल में हाथियों का आतंक भयावह रूप ले चुका है। गोइलकेरा प्रखंड के बिला पंचायत अंतर्गत वन ग्राम केंदू कोचा में सोमवार तड़के हाथी के हमले में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान जोंगा कुई (56 वर्ष) के रूप में हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार, घटना सुबह करीब 3:30 बजे की है, जब दंतेले हाथी ने महिला को कुचल दिया। यह कोई एकल घटना नहीं है, बल्कि बीते चार दिनों में हाथियों के हमले से छह ग्रामीणों की मौत हो चुकी है। लगातार हो रही घटनाओं से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। हालात ऐसे हैं कि ग्रामीण रात में ही नहीं, दिन में भी जंगल या खेत की ओर जाने से डर रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही कुईड़ा पंचायत के मुखिया दिनेश चंद्र बोयपाई मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। उन्होंने वन विभाग से मांग की कि केवल राहत राशि नहीं, बल्कि स्थायी और प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आगे किसी निर्दोष की जान न जाए।
वन विभाग की ओर से कोल्हान वन प्रमंडल के रेंजर रामानंदन राम घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को तत्काल 25 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की। साथ ही ग्रामीणों को सुरक्षा के मद्देनज़र पटाखे और टॉर्च वितरित किए गए।
रेंजर ने बताया कि इलाके में सक्रिय दंतेले हाथी को “ट्रायंगुलेट” कर ट्रैक करने के लिए पश्चिम बंगाल से वन विभाग की विशेष टीम बुलाई गई है, जो चाईबासा पहुंच चुकी है। मंगलवार से हाथी को नियंत्रित करने का विशेष अभियान शुरू किया जाएगा। पीड़ित परिवार से मुआवजे से संबंधित सभी आवश्यक प्रपत्र भी भरवा लिए गए हैं।
फिलहाल सवाल यही है कि क्या यह अभियान समय रहते ग्रामीणों को सुरक्षा दे पाएगा, या फिर कोल्हान की धरती पर हाथियों का यह आतंक और जानें लेता रहेगा।

Leave a Comment