14 अक्टूबर को गोइलकेरा में स्व. देवेंद्र माझी की श्रद्धांजलि सभा में शामिल होंगे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन

SHARE:

Manoharpur:जल, जंगल और जमीन के प्रणेता स्वर्गीय देवेंद्र माझी की शहादत दिवस पर 14 अक्टूबर को गोइलकेरा हाट मैदान में विराट श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी। इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। श्रद्धांजलि सभा में राज्य के कई मंत्री, विधायक और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ पदाधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम को भव्य और सफल बनाने की जिम्मेदारी झामुमो की वरिष्ठ नेता व सिंहभूम की सांसद जोबा माझी ने खुद संभाल ली है। रविवार को उन्होंने मनोहरपुर स्थित हाज़रा परिसर में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ कई बैठकों का आयोजन कर तैयारियों की समीक्षा की।

सांसद ने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि —

> “यह श्रद्धांजलि सभा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्व. देवेंद्र माझी के विचारों और संघर्ष की पुनः स्मृति का अवसर है। हर कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाए।”



उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों और पदाधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि श्रद्धांजलि सभा में अधिकतम जनभागीदारी हो और लोगों को सुरक्षित रूप से कार्यक्रम स्थल तक पहुँचाया जाए।

जोबा माझी ने वाहन व्यवस्था, खानपान, पानी और अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी बारीकी से समीक्षा की। बैठक के दौरान झामुमो प्रखंड अध्यक्ष रंजीत यादव ने सभी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे श्रद्धांजलि सभा को ऐतिहासिक बनाने में अपनी पूरी ताकत झोंक दें।

बैठक में मानुएल बेक, पंकज महतो, बंधना उरांव, किशोर कुमार खलखो, अजहर अली, तबरेज आलम, बिंदा, संतोष पांडे, इरूश खाखा, मो. उमर, बिनोद सिंह, चंचल रवानी, वशिष्ठ यादव, बामिया मांझी, मानकी लगुड़ा देवगम, मुकेश रजक, विक्रम सिंह, निखिल साह, सुरेश बेसरा, अमर महतो, मुखिया अशोक बंदा और मुखिया पूजा कुजूर समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता व समर्थक उपस्थित थे।

गोइलकेरा में 14 अक्टूबर को होने वाली यह श्रद्धांजलि सभा झामुमो संगठनात्मक शक्ति का एक बड़ा प्रदर्शन मानी जा रही है, जहाँ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के संबोधन पर सबकी निगाहें टिकी रहेंगी।

Leave a Comment