ओला सर्विस सेंटर के बाहर लगी आग-घोड़ाबांधा

SHARE:

Ghorabandha:रविवार देर रात घोड़ाबांधा क्षेत्र में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब ओला सर्विस सेंटर के बाहर खड़ी गाड़ियों में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते लपटों ने विकराल रूप ले लिया और कई वाहन जलकर राख हो गए। घटना गोविंदपुर थाना क्षेत्र की है, जहां रात करीब 11 बजे के आसपास यह भीषण आगजनी हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शुरुआत में एक वाहन से धुआं उठता देखा गया, लेकिन कुछ ही मिनटों में आग ने आसपास खड़ी सभी गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। तेज लपटों और धुएं के गुबार ने इलाके में दहशत फैला दी। लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और फौरन फायर ब्रिगेड व पुलिस को सूचना दी गई। राहत व बचाव कार्य देर रात तक जारी रहा।

स्थानीय लोगों ने बताया कि जहां वाहन खड़े किए जाते हैं, वह क्षेत्र वन विभाग की भूमि है। ग्रामीणों का आरोप है कि ओला सर्विस सेंटर संचालक ने इस जगह को अवैध पार्किंग एरिया में तब्दील कर रखा है। कई बार शिकायत के बावजूद प्रशासन और वन विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई।

आग की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि वाहन जहां खड़े थे, उसके ठीक सामने एक ट्रांसफार्मर लगा हुआ था। अगर आग वहां तक पहुंचती, तो एक बड़ा विस्फोट हो सकता था। लोगों ने इसे प्रशासनिक लापरवाही करार देते हुए तत्काल जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया है, लेकिन सड़क किनारे जली हुई गाड़ियों के अवशेष अब भी इस भीषण हादसे की गवाही दे रहे हैं।

Leave a Comment