Jamshedpur : गम्हरिया स्थित ए.आर.के.ए. जैन यूनिवर्सिटी के बीबीए अंतिम वर्ष के छात्र आदर्श शर्मा (21) का बुधवार देर रात टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में निधन हो गया। वे बीते दो दिनों से सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे थे।
घटना मंगलवार को उस समय घटी जब आदर्श शर्मा अपने सहपाठी रोहन महतो (21) के साथ कॉलेज जा रहे थे। रास्ते में एक भीषण सड़क दुर्घटना में रोहन महतो, जो कि दाहीगोड़ा के निवासी थे, ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि आदर्श को गंभीर अवस्था में टीएमएच में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान बुधवार 23 जुलाई की रात 9 बजे उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
आदर्श शर्मा, घाटशिला मारवाड़ी धर्मशाला के पास रहने वाले नवीन शर्मा (दूध व मिठाई विक्रेता) के पुत्र थे। उनकी मां सीमा शर्मा, बड़ी बहन अदिति शर्मा हैं। आदर्श परिवार का इकलौता पुत्र था, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
गुरुवार 24 जुलाई को जब आदर्श का पार्थिव शरीर घाटशिला पहुंचा, तब से ही उनके निवास स्थान पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शव यात्रा में क्षेत्र के सम्मानित जनप्रतिनिधि, व्यापारी, समाजसेवी और छात्र बड़ी संख्या में शामिल हुए।
प्रमुख रूप से उपस्थित लोगों में राजेंद्र प्रसाद शर्मा, राकेश शर्मा, मनोज शर्मा, जिला पार्षद करण सिंह, राजहंस मिश्रा, सत्यनारायण जैन, पुरुषोत्तम शर्मा, कलीराम शर्मा, माता दीन अग्रवाल, संजय जैन, सुनील जैन सहित मारवाड़ी समाज के कई सदस्य और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
इसके अलावा ए.आर.के.ए. जैन यूनिवर्सिटी के कई छात्र-छात्राएं, जो आदर्श के सहपाठी और मित्र थे, घाटशिला पहुंचे और अंतिम यात्रा में नम आंखों से विदाई दी। इस हृदय विदारक क्षण में पूरा माहौल गमगीन हो गया। सभी की आंखें नम थीं और हर कोई इस असामयिक क्षति से आहत नजर आया।









