Ghatshila:झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री श्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने आज घाटशिला विधानसभा की जनता के नाम एक भावनात्मक संदेश जारी किया, जिसमें उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रति जनता के विश्वास और अपनापन की सराहना की।
उन्होंने कहा कि पिछले पंद्रह दिनों से वे महागठबंधन प्रत्याशी श्री सोमेश सोरेन, जो दिवंगत विधायक स्व. रामदास सोरेन के सुपुत्र हैं, के चुनाव प्रचार में घाटशिला में मौजूद रहे।
“प्रचार के दौरान मैंने घाटशिला के लोगों में एक अलग अपनापन महसूस किया। यहां के लोग सजग, जागरूक और भावनात्मक रूप से झामुमो से जुड़े हैं,” उन्होंने कहा।
पूर्व मंत्री ने कहा कि घाटशिला की जनता अब भी स्व. रामदास सोरेन को अपना आदर्श मानती है।
महिला शक्ति की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि “यहां की महिलाएं न केवल सक्रिय हैं बल्कि मृदुभाषी और समाज की प्रेरणा स्रोत हैं। युवा वर्ग मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड के उज्ज्वल भविष्य की दिशा देख रहा है।”
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में चौमुखी विकास स्पष्ट रूप से दिख रहा है और जनता झामुमो को दलित, शोषित, आदिवासी, मूलवासी, पीड़ित, मजदूर और किसान की सरकार के रूप में देखती है।
“जनता ने राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को स्वीकार किया है और भाजपा के भ्रम को सिरे से नकार दिया है,” उन्होंने जोड़ा।
जनता से अपील करते हुए उन्होंने कहा —
“यदि आप घाटशिला के विकास की इस गति को बरकरार रखना चाहते हैं, तो गठबंधन प्रत्याशी सोमेश सोरेन को अपना आशीर्वाद दें। वे आपके सुख-दुख में परिवार के सदस्य की तरह साथ रहेंगे।”
उन्होंने बिना नाम लिए उन नेताओं पर भी निशाना साधा जिन्होंने पार्टी से दूरी बनाई —
“जिन्होंने अपनी मां समान पार्टी और उस परिवार को धोखा दिया, जिसने उन्हें मुख्यमंत्री बनाया, वे जनता का सम्मान कभी नहीं कर सकते।”
अंत में उन्होंने कहा —
“यह चुनाव केवल व्यक्ति का नहीं, बल्कि विचार और निष्ठा का चुनाव है। आपका एक मत इस विधानसभा की तकदीर बदलने का काम करेगा।”









